लखनऊ 30 अप्रैल (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठी पार्टी है और जनता उसके चाल-चरित्र को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में संसद से पास होकर कानून बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार इसे लागू नहीं कर रही और इस पर भ्रामक प्रचार कर रही है।हरदोई के एक दिवसीय दौरे से लौटते समय मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश की जनता और महिलाएं सब समझती हैं और वर्ष 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और जनता को गुमराह करते हैं।महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ सबसे अधिक अपराध हो रहे हैं और पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है, जिससे पीडि़तों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने हरदोई, गाजीपुर और प्रतापगढ़ की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कई मामलों में पीडि़तों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के कारण कार्रवाई नहीं हो पाती और सरकार इस पर गंभीर नहीं है।भाजपा नेताओं के आचरण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई घटनाएं सामने आई हैं जो महिलाओं के प्रति गलत सोच को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का रवैया महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं है।चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा के दावे खोखले साबित होंगे। अयोध्या का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बड़े दावे करने वाली भाजपा वहीं हार गई, जो उसकी राजनीति की सच्चाई को दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।उन्होंने भाजपा पर उद्योगपतियों के प्रभाव में काम करने और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने प्रदेश में बेहतर आधारभूत ढांचा दिया और कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सौहार्द और भाईचारे की राजनीति करती है, जबकि भाजपा समाज को बांटने का काम करती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

