लखनऊ 30 अप्रैल (आरएनएस )के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म और धमकी देने के गंभीर आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को पीडि़ता के परिजनों द्वारा थाना मलिहाबाद में लिखित तहरीर दी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि अजीम नामक युवक स्कूल आते-जाते समय पूर्व से ही छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता था। शिकायत में यह भी बताया गया कि 22 अप्रैल 2026 को आरोपी ने पीडि़ता को बहला-फुसलाकर या जबरन घर के पीछे झाडिय़ों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।तहरीर के आधार पर थाना मलिहाबाद में मुकदमा संख्या 86/2026 धारा 65(1), 351(3), 352, 75, 79 बीएनएस तथा ङ(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी द्वारा पीडि़ता पर विवाह के लिए दबाव बनाया गया और मना करने पर उसे तथा उसके परिजनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। विभिन्न मोबाइल नंबरों से सुलह के लिए दबाव बनाए जाने की बात भी प्रकाश में आई, जिससे परिवार भयभीत हो गया।पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी अजीम (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी ग्राम खण्डसरा, थाना मलिहाबाद, को ग्राम बरगदी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थाना मलिहाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

