लखनऊ 1 मई (आरएनएस )। मई दिवस के अवसर पर यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि वह 3 मई को केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया से मुलाकात कर ईपीएफ की न्यूनतम पेंशन बढ़ाने का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यूनियन द्वारा दिए गए ज्ञापन के आधार पर यह पहल की जा रही है, जिसमें न्यूनतम पेंशन को 1000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये किए जाने की मांग प्रमुख है।अनिल राजभर ने यूनियन पदाधिकारियों से अपील की कि वे प्रदेश स्तर पर एक बड़ा संवाद कार्यक्रम आयोजित करें, जिसमें विभिन्न जिलों के पत्रकार शामिल हों। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे कार्यक्रम में वह स्वयं दो से तीन घंटे का समय देंगे और पत्रकारों की समस्याओं को विस्तार से सुनेंगे।यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पत्रकारों के लिए पेंशन व्यवस्था, पत्रकार सुरक्षा कानून, पीजीआई में सभी श्रमजीवी पत्रकारों को चिकित्सा सुविधा, प्राथमिकता पर भूखंड आवंटन, आर्थिक सहायता की स्थायी व्यवस्था और ट्रेन किराए में छूट बहाल करने की मांग उठाई।विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकारिता के सामने चुनौतियां बढ़ रही हैं, लेकिन पत्रकारों को निर्भीक होकर सच्चाई का पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के वंचित और पीडि़त वर्ग की आवाज हैं, जिन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए।यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अब स्वस्थ आलोचना भी जोखिम भरा काम बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और खबरों को रोका जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर संकेत हैं।हिंद मजदूर महासभा के प्रदेश महामंत्री उमाशंकर मिश्र ने कहा कि पत्रकारों के वेज बोर्ड का गठन बंद हो गया है और कोरोना काल के बाद उनकी कई सुविधाएं समाप्त कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पत्रकार अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। उन्होंने श्रम कानूनों में हुए बदलावों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि नई व्यवस्था में कार्य के घंटे बढ़ गए हैं, जिससे पत्रकारों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।कार्यक्रम में यूनियन के मंडल अध्यक्ष शिवशरण सिंह, प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह और इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रजत मिश्रा ने भी अपने विचार रखे और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रेमकांत तिवारी ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

