लखनऊ 1 मई (आरएनएस )। राजधानी के थाना गुडम्बा क्षेत्र स्थित कुर्सी रोड के जनेश्वर इन्क्लेव में गुरुवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 11वीं मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:45 बजे सूचना मिली कि जनेश्वर इन्क्लेव की 11वीं मंजिल से एक युवक नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना गुडम्बा पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि एक युवक गंभीर हालत में परिसर के नीचे पड़ा हुआ है। तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान प्रबल जैन (31 वर्ष) पुत्र उमेश जैन, निवासी महमूदाबाद जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ जनेश्वर इन्क्लेव के डी-ब्लॉक स्थित फ्लैट संख्या 1102 में किराए पर रह रहे थे, जो ओमप्रकाश श्रीवास्तव के नाम पर है।मौके पर मौजूद मृतक की पत्नी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि प्रबल जैन ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। बताया गया कि मृतक प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था, जबकि उसकी पत्नी सुलतानपुर रोड स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल में फ्लोर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। दोनों की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और परिवार के लोग मौके पर मौजूद हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी संभावित कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

