लखनऊ 1 मई (आरएनएस )। थाना कैंट क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को रणजीत सिंह निवासी ओल्ड विक्टोरिया लाइन, कैंट ने थाना कैंट में अपने घर में अलमारी का ताला तोड़कर आभूषण और कीमती सामान चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस संबंध में मुकदमा संख्या 40/26 धारा 305(ड्ड) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार चौरसिया द्वारा की जा रही थी।घटना के खुलासे के लिए थाना कैंट पुलिस और सर्विलांस मध्य जोन की संयुक्त टीम लगातार प्रयासरत थी। इसी क्रम में 1 मई 2026 को पुलिस टीम ने पतारसी और सुरागरसी के आधार पर लोको चौराहे के पास पानी की टंकी के समीप तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम आदिल कुरैशी (22 वर्ष) निवासी आजाद मोहाल सदर कैंट, सूरज सरोज (19 वर्ष) निवासी शहीद नगर हुसैनगंज और सोहेल (22 वर्ष) निवासी शहीद नगर हुसैनगंज बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी से संबंधित एक चैन, एक अंगूठी, एक पायल, एक चांदी का सिक्का, सूर्या ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट का सदस्यता कार्ड तथा 11,48,000 रुपये नगद बरामद किए गए।पुलिस ने अभियुक्त आदिल कुरैशी के पास से घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी भी बरामद की है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 331(4) व 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई को थाना कैंट पुलिस और सर्विलांस मध्य जोन की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक राकेश कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक राज गोड़ सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

