लखनऊ, 1 मई (आरएनएस )। बुद्ध पूर्णिमा और अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राजधानी के कैसरबाग स्थित गांधी भवन प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शिक्षक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस सोशल मीडिया की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन तनुज पुनिया तथा पूर्व सांसद रवि प्रकाश वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष हिंदवी ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत प्रो. श्रवण कुमार गुप्ता ने किया।सम्मेलन की शुरुआत भगवान गौतम बुद्ध की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान शिक्षकों और चिकित्सकों की भूमिका पर आधारित लघु फिल्मों का लोकार्पण भी किया गया।अपने संबोधन में अविनाश पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक और चिकित्सक समाज के निर्माणकर्ता हैं, जो केवल भीड़ का हिस्सा नहीं बल्कि उसे दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संघर्ष के बिना बदलाव संभव नहीं है। पुरानी पेंशन योजना का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इसे पुन: बहाल करेगी और कर्मचारियों, शिक्षकों व चिकित्सकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी संस्थानों का निजीकरण बढ़ रहा है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और चिकित्सा को व्यवसाय बना दिया गया है, जिससे गरीब वर्ग के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं दूर होती जा रही हैं।सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि देश में शिक्षकों और डॉक्टरों की भारी कमी है, लेकिन सरकार इन पदों को भरने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में इन दोनों वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान आवश्यक है।सम्मेलन को तनुज पुनिया, रवि प्रकाश वर्मा, मुईद अहमद, सदल प्रसाद, डॉ. अमित कुमार राय और डॉ. आजाद बेग सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

