लखनऊ 1 मई (आरएनएस )। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि लगातार मानसिक प्रताडऩा से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को ग्राम कल्ली पूरब (घाघ) निवासी श्रीराम ने थाना मोहनलालगंज में सूचना दी कि उनके पुत्र बब्लू गौतम का विवाह लगभग 15 वर्ष पूर्व चांदनी से हुआ था। आरोप है कि बब्लू की पत्नी चांदनी का सत्यमपाल नामक युवक से प्रेम संबंध था, जो बंधन बैंक शाखा मोहनलालगंज में कार्यरत है। इस संबंध की जानकारी होने के बाद घर में आए दिन विवाद होने लगा।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि चांदनी और उसका प्रेमी सत्यमपाल मिलकर बब्लू को लगातार प्रताडि़त करते थे, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। इस सूचना पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 159/26 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस द्वारा विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान आरोप सही पाए गए, जिसके बाद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पुलिस ने 30 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चांदनी को उसके घर से तथा सत्यमपाल को कस्बा निगोहा से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों में सत्यमपाल (25 वर्ष) निवासी गुरूबक्शगंज, रायबरेली और चांदनी (32 वर्ष) निवासी कल्ली पूरब, मोहनलालगंज शामिल हैं। दोनों को नियमानुसार न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

