ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताडऩा का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
बाराबंकी 1 मई (आरएनएस )। सुबेहा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने कथित मानसिक प्रताडऩा से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मल्लहन पुरवा मजरे शरीफाबाद गांव निवासी पीडि़ता के भाई लक्ष्मन ने बताया कि उसकी बहन विट्टी की शादी करीब चार वर्ष पहले गांव के ही युवक उदयराज के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताडि़त किया जा रहा था। बताया गया कि 30 अप्रैल की शाम विट्टी ने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, समय रहते परिजनों को इसकी भनक लग गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बचाई जा सकी। घटना के बाद परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है। पीडि़त परिवार ने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताडऩा और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सुबेहा थाने के प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताडऩा जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस जांच के बाद दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और पीडि़ता को न्याय मिल पाता है या नहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

