लापरवाह अधिकारियों को सख्त चेतावनी, नहीं सुधरे तो होगी कार्रवाई
बाराबंकी 1 मई (आरएनएस )। विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। निरीक्षण की शुरुआत तहसील रामसनेहीघाट के कंधईपुर स्थित गौ आश्रय स्थल से हुई। जिलाधिकारी ने भूसा, हरा चारा और साइलेज की उपलब्धता, गौवंशों की देखभाल, व्यवस्थाओं की निरंतरता, का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौवंशों को गुड़ और चना खिलाकर संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया। सनौली में निर्माणाधीन बृहद गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीएम ने कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि हैंडओवर प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, 15 दिनों के भीतर केंद्र का संचालन प्रारंभ हो, परिसर में वृक्षारोपण, लाइटिंग और अन्य सुविधाएं जल्द पूरी हों। विकासखंड बनीकोडर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। छात्राओं से कंप्यूटर चलवाकर उनकी क्षमता परखी गई। शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया। नए छात्रावास और एकेडमिक ब्लॉक के कार्यों की गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मंडी सफदरगंज पहुंचकर गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र पर आने वाले हर किसान की उपज खरीदी जाए। सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। शहर स्थित स्पोट्र्स स्टेडियम के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि मैदान का निर्माण कार्य इसी महीने पूरा किया जाए। आम नागरिकों और खिलाडिय़ों के लिए जल्द खोला जाए। बाकी कार्य तय समय और गुणवत्ता के अनुसार पूरे हों। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि गुणवत्ता में कमी या देरी बर्दाश्त नहीं होगी, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट अनुराग सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बहरहाल, डीएम का यह सख्त रुख साफ संकेत देता है कि विकास कार्यों में अब किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

