प्रयागराज 1 मई (आरएनएस)। धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर सुलेम सराय की एक महिला को साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में मात्र 12 दिन के अंदर तीन गुना मुनाफा कमाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की चपत लगा दी। आरोप है कि पहले एक अज्ञात युवती ने फेसबुक पर दोस्ती की और फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा दिया। धूमनगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर सुलेमसराय की प्रीति खन्ना ने तहरीर देकर बताया है कि कुछ दिन पहले फेसबुक पर युवती से दोस्ती हुई थी। उसने बातचीत के दौरान क्रिप्टो ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश के बदले तीन गुना अधिक लाभ का प्रलोभन देकर निवेश कराया।
आरोप है कि 10 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच कई किस्तों में 20 लाख रुपये जमा कराया गया। तथाकथित कांट्रेक्ट के तहत 22 अप्रैल को 68 लाख रुपये का लाभ दिखा गया। लेकिन, इस धनराशि को निकालने के लिए 14 लाख रुपये की विड्राल फीस की मांग की गई। प्रीति खन्ना ने जब 14 लाख रुपये देने में असमर्थता जताई, तो पोर्टल से कुल धनराशि शून्य कर दी गई। इसके साथ ही आरोपी युवती ने संपर्क भी तोड़ दिया। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर पुलिस की मदद से विवेचना की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

