सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। कड़ी मेहनत, अनुशासन और योग साधना के दम पर जिले की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। राज्य स्तरीय योग ओलिंपियाड 2026 में उजागर लाल इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा सोनाली ने 90 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और जनपद का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उनका चयन आगामी राष्ट्रीय योग ओलिंपियाड (15 से 18 जून 2026, उड़ीसा) के लिए भी हो गया है। वहीं इसी विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा रेशमा ने भी मंडल स्तरीय योग ओलिंपियाड (24 अप्रैल 2026, राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज, लखनऊ) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन दोनों बेटियों की सफलता ने न सिर्फ उनके विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची, तो सफलता कदम चूमती है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने दोनों छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक कुमार, उजागर लाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार पाण्डेय, क्रीड़ा प्रभारी प्रभात नंदन मिश्र, जिला क्रीड़ा सचिव अवधेश नंदन पाण्डेय तथा डॉ. निखिल कुमार रस्तोगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सोनाली और रेशमा की यह सफलता आज की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा हैकृकि मेहनत, लगन और अनुशासन से हर सपना सच किया जा सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

