बिसवां /सीतापुर। बिसवां थाना परिसर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने नवनिर्मित अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि इस कंट्रोल रूम का फीता नए भर्ती हुए रिक्रूटों से कटवाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर एसपी ने बताया कि कंट्रोल रूम अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसके माध्यम से थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर 24 घंटे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों से नजर रखी जाएगी। इससे अपराधों की रोकथाम और त्वरित पुलिस कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में मौजूद हिस्ट्रीशीटर अपराधियों का भौतिक सत्यापन भी किया। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई अपराध में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति जब्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी हिस्ट्रीशीटरों को अपराध न करने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान एसपी ने नए रिक्रूटों से संवाद कर उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बीट व्यवस्था, विभिन्न पोर्टलों और यक्ष एप के उपयोग के साथ सोशल मीडिया पॉलिसी के पालन के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

