– कलेक्ट्रेट में हुआ आयोजन
सीतापुर 1 मई (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं नगर पालिका अध्यक्षा नेहा अवस्थी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सजीव प्रसारण को अधिकारियों व उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत जनपद के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की गई। विशेष रूप से मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत पंजीकृत मृतक श्रमिकों की आश्रित विधवाओं को 2-2 लाख रुपये की एफडी प्रदान की गई। लाभार्थियों में नीतू (पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश), निवासी ग्राम कुंवरपुर गद्दी, ब्लॉक महोलीय सुमन देवी (पत्नी स्वर्गीय राजेश), निवासी ग्राम मोहद्दीनपुर, ब्लॉक एलियाय तथा शम्मो (पत्नी स्वर्गीय फकरुद्दीन), निवासी ग्राम रामकोट, ब्लॉक खैराबाद शामिल रहीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति रही और श्रमिकों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

