नईदिल्ली,02 मई (आरएनएस)। पंजाब पुलिस ने राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज की हैं। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और शोषण से जुड़े मामलों में ये एफआईआर हुई है और गैर-जमानती धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। पाठक हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पाठक को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस दिल्ली स्थित उनके घर पहुंची, लेकिन वे भाग निकले।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पाठक के खिलाफ मामले क्यों दर्ज किए गए हैं, लेकिन सरकारी सूत्रों ने बताया कि ये मामले गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पाठक के खिलाफ ये एफआईआर पंजाब के 2 अलग-अलग जिलों में दर्ज की गई हैं। अधिकारी ने आगे कहा कि पाठक को किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है।
पाठक ने कहा, मुझे ऐसी किसी एफआईआर की जानकारी नहीं है और किसी पुलिस अधिकारी ने मुझे सूचित भी नहीं किया है। मैंने पूरी जिंदगी ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा की है। देश किसी भी पार्टी से बड़ा है। मैं कभी इसे धोखा नहीं दूंगा और न किसी को देने दूंगा। अगर मेरे जैसे व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है, तो यह दिखाता है कि वे कितने डरे हुए हैं।
पाठक उन 7 राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं, जो 25 अप्रैल को राघव चड्ढा के नेतृत्व में आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। पाठक आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर रहे है और 2022 में आप में शामिल हुए। उसी साल उन्हें पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा भेजा था। उन्हें पंजाब में आप का चाणक्य कहा जाता था। हालांकि, पार्टी छोडऩे के बाद वे नई मुसीबतों में फंसते नजर आ रहे हैं।
हाल ही में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने उद्योगपति राजिंदर गुप्ता के कारखाने पर भी छापा मारा था। वे भी आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले पंजाब सरकार ने राघव चड्ढा की जेड+ श्रेणी और हरभजन सिंह की वाई श्रेणी की सुरक्षा भी छीन ली थी। हरभजन ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। हरभजन के जालंधर स्थित आवास पर आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था और गद्दार लिख दिया था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

