मुंबई,02 मई (आरएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार पुणे में एक मासूम बच्ची के साथ यौन शोषण और उसकी हत्या करने वाले 65 वर्षीय आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग करेगी. मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा, पुणे में हुई यह घटना बेहद निंदनीय और दुखद है. एक मासूम बच्ची के साथ हुई इस क्रूरता के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस घटना को लेकर जनता में काफी रोष है. मैं विश्वास दिलाता हूं कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी. अदालत में आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा यानी मृत्युदंड की मांग की जाएगी.
उन्होंने विपक्षी दलों से इस घटना पर राजनीति न करने का आग्रह करते हुए कहा, यह संवेदनहीनता है. ऐसी घटना पर राजनीति करने से बुरा कुछ नहीं हो सकता.
पुणे जिले के एक गांव में एक 65 वर्षीय व्यक्ति द्वारा चार साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और उसकी हत्या की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में भारी रोष है. यह घटना तब पता चली जब बच्ची के लापता होने के बाद उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को बच्ची के साथ देखा गया.
पुणे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची को खाने का लालच देकर एक सुनसान जगह पर ले जाकर इस अपराध को अंजाम दिया.
इस घटना के बाद, बीती रात सैकड़ों ग्रामीण पुलिस चौकी और हाईवे पर इक_ा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने मौके पर पहुंचकर जनता को आश्वासन दिया कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

