बालोद, 02 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा में असफल होने से आहत एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा की है। मृतक की पहचान राजवीर बघेल (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इस वर्ष दूसरी बार 10वीं की परीक्षा में शामिल हुआ था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजवीर ने वर्ष 2025 में पहली बार 10वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें वह 6 विषयों में असफल रहा था। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसका हौसला बढ़ाते हुए दोबारा परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया और भविष्य को लेकर सकारात्मक आश्वासन भी दिए। इस बार उसे उम्मीद थी कि वह परीक्षा में सफल हो जाएगा, लेकिन परिणाम आने पर वह फिर से 5 विषयों में अनुत्तीर्ण हो गया।
बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल को रिजल्ट आने के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था। घटना से कुछ दिन पहले वह अपनी मौसी के घर, जगन्नाथपुर सांकरा गांव, एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया हुआ था। रिजल्ट देखने के बाद वह उदास रहने लगा और घर लौटने की बात कहकर अपने भाई के साथ वापस बंधिया पारा आ गया।
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को संदेह हुआ। खिड़की से झांकने पर राजवीर फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण परीक्षा में असफलता से उपजा मानसिक तनाव बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह घटना एक बार फिर परीक्षा परिणाम के दबाव और मानसिक तनाव की गंभीरता को उजागर करती है, जिससे निपटने के लिए जागरूकता और परामर्श की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

