मुंगेली/लोरम, 02 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप करने वाले मुंगेली जिले के अंशुल शर्मा को शनिवार को एक खास सरप्राइज मिला। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं उनके घर पहुंचे और उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डिप्टी सीएम के आगमन पर अंशुल के परिवार ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अंशुल को मिठाई खिलाई और एक विशेष उपहार भेंट किया। अंशुल ने जब अपने परिवार के साथ गिफ्ट खोला तो उसकी खुशी साफ झलक रही थी। उसका उत्साह और मुस्कान इस बात का प्रमाण था कि इस तरह का प्रोत्साहन छात्रों के लिए कितना प्रेरणादायक होता है।
दरअसल, बिलासपुर प्रवास के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने सीजीबीएसई 10वीं परीक्षा के टॉपर अंशुल के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने अंशुल की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 29 मार्च को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए थे। इस वर्ष 10वीं परीक्षा में कुल तीन छात्रों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है। इनमें महासमुंद जिले की संध्या नायक और परीरानी प्रधान के साथ मुंगेली के अंशुल शर्मा शामिल हैं। तीनों ने 594 अंक प्राप्त किए हैं। मेरिट सूची में कुल 42 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें टॉप-10 में 8 छात्राएं शामिल रहीं।
इस वर्ष 10वीं की मुख्य परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 के बीच आयोजित हुई थी, जिसमें कुल 3,20,535 विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें 1,42,881 बालक और 1,77,654 बालिकाएं थीं। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 2,510 केंद्र बनाए गए थे।
वहीं 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें 2,45,785 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें 1,02,975 बालक और 1,42,810 बालिकाएं थीं। इस परीक्षा के लिए 2,395 केंद्र निर्धारित किए गए थे।
अंशुल की इस उपलब्धि और उन्हें मिले सम्मान ने प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी है।
०

