कोण्डागांव, 02 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय से सटे डोंगरीगुड़ा के राऊतपारा में शादी समारोह के बाद आयोजित भोज कार्यक्रम के पश्चात बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। भोज में शामिल लोगों में अगले दिन उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को राऊतपारा निवासी सगई यादव की बेटी का विवाह संपन्न हुआ था। इसके बाद 30 अप्रैल को परिजनों और आसपास के लोगों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। भोज में शामिल लोगों की तबीयत 1 मई की शाम तक बिगडऩे लगी, जिसके बाद गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के निर्देश पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। टीम ने कुल 46 मरीजों का उपचार किया, जबकि गंभीर स्थिति वाले 2 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया।
प्रारंभिक जांच में भोज के दौरान परोसे गए भोजन में संक्रमण की आशंका जताई गई है। बताया गया है कि लोगों ने मुर्गा, पनीर, दाल-चावल जैसे व्यंजन खाए थे, जिनमें से किसी एक के दूषित होने की संभावना है।
स्थिति का जायजा लेने स्वयं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अगले तीन दिनों तक विशेष निगरानी रखने और घर-घर जाकर सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उपचार के बाद अधिकांश लोगों को घर भेज दिया गया है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

