हरिद्वार,03 मई (आरएनएस)। कनखल कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय कथित ‘पिल्ला गैंगÓ पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, ये युवक सोशल मीडिया पर वर्चस्व कायम करने के लिए मारपीट के बाद वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दहशत फैलाने की कोशिश करते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में टीमों को तैनात कर निगरानी शुरू की। जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता कुलदीप के बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले में संदिग्धों की पहचान हुई। दो मई को पुलिस ने आर्यन सैनी (19) निवासी इंदुपुरम कॉलोनी जगजीतपुर को गिरफ्तार किया। वहीं, दो नाबालिगों को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गैंग से जुड़ी आठ मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को भी सीज किया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

