लखनऊ 5 मई (आरएनएस )। थाना मदेयगंज क्षेत्र में अवैध सट्टा संचालन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पर्चियां और नगदी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 05 मई 2026 को टीम क्षेत्र में गश्त व अपराध नियंत्रण के दौरान डालीगंज क्रॉसिंग के पास मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मीठी खिचड़ी स्थित ईदगाह के पास गली में कुछ लोग सट्टा (खाड़ी-बाड़ी) करा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरोज अहमद उर्फ रीबू (46 वर्ष) निवासी रूपपुर खदरा और इरशाद (28 वर्ष) निवासी नगरी शिवनगर खदरा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान फिरोज अहमद के पास से 7 सट्टा पर्चियां और 320 रुपये नगद तथा इरशाद के पास से 5 सट्टा पर्चियां और 680 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गुड्डू बाड़ी के लिए सट्टा लेते हैं और रकम उसके पास जमा करते हैं, जहां से जीतने वालों को भुगतान किया जाता है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान आदिल के रूप में हुई है, जो गुड्डू बाड़ी का भाई बताया जा रहा है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
इस मामले में थाना मदेयगंज पर मु0अ0सं0-55/2026 धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मेराज अहमद, उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह, कांस्टेबल अवधेश, कांस्टेबल शुभम चौधरी और रिजर्व कांस्टेबल राशिद खान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और फरार अभियुक्त की तलाश तेज कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

