लखनऊ 5 मई (आरएनएस )। थाना पीजीआई क्षेत्र से वर्ष 2023 में लापता हुई 14 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। यह सफलता क्राइम ब्रांच के अंतर्गत कार्यरत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (्र॥ञ्ज) की सतत निगरानी और समन्वित प्रयासों से मिली है।प्रकरण के अनुसार 13 अप्रैल 2023 को वादिनी द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के गुमशुदा होने पर थाना पीजीआई में मु0अ0सं0-261/2023 धारा 363 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। प्रारंभिक विवेचना थाना पीजीआई द्वारा की जा रही थी, जिसे बाद में संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय के आदेश पर एएचटीयू को स्थानांतरित कर दिया गया।वर्तमान में मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह द्वारा की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक दशरथ सिंह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न बाल आश्रय गृहों से समन्वय स्थापित करते हुए बालिका की तलाश जारी रखी। इसी क्रम में 4 मई 2026 को सूचना मिली कि एक बालिका, जिसने अपना नाम बदल रखा है, पहले राजकीय बालगृह सिंधीखेड़ा में रह चुकी है और वर्तमान में कुर्सी रोड स्थित स्नेहालय बालिका गृह में निवास कर रही है।सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बालिका की पहचान सुनिश्चित की। पूछताछ में बालिका ने बताया कि घर में माता-पिता के बीच होने वाले विवाद से परेशान होकर वह घर छोड़कर चली गई थी और पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर बालिका गृह में रह रही थी।पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दशरथ सिंह, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह, आरक्षी संदीप कुमार यादव और महिला आरक्षी पूजा देवी शामिल रहे।पुलिस ने बताया कि एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश और उनकी सुरक्षा के लिए लगातार 24 घंटे निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, ताकि कोई भी नाबालिग मानव तस्करी या शोषण का शिकार न हो सके। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नाबालिगों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 7839861034 पर दें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

