मेरठ 6 मई (आरएनएस)। हस्तिनापुर कस्बे में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब बच्चों को लेकर स्कूल जा रही हस्तिनापुर पब्लिक स्कूल की बस में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
थाने के पास बस से निकलने लगा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही गणेशपुर मार्ग पर थाने के पास अनाज मंडी के करीब पहुंची, तभी उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और बच्चों को तेजी से नीचे उतारना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया है कि बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे।
बच्चों के उतरते ही भड़क उठी आग
बच्चों को उतारने के कुछ ही देर बाद बस में आग ने विकराल रूप ले लिया और चारों ओर धुआं फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक बस सीएनजी से संचालित थी, ऐसे में आग लगने की घटना गंभीर रूप ले सकती थी। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। जिस बस में आग लगी उसका रजिस्ट्रेशन नंबर क्क19ञ्ज 2040 बताया गया है, जो शामली जिले में पंजीकृत है और हस्तिनापुर क्षेत्र में संचालित हो रही थी।
बच्चों और परिजनों में दहशत
घटना के बाद बस में सवार छोटे-छोटे बच्चे घबरा गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। कई अभिभावक स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से घटना की जानकारी लेने लगे। उनका कहना था कि थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती थी।
बसों की फिटनेस पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्कूल बसें बिना पूरी फिटनेस और बीमा के ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। इस बस की तकनीकी स्थिति और वैधता की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इसमें कितनी लापरवाही हुई। वहीं थाना पुलिस ने फिलहाल घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

