मेरठ। सेटबैक के विरोध में गोल मंदिर रोड पर चल रहा शास्त्रीनगर सेक्टर तीन और चार की महिलाओं का धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। महिलाओं का कहना है कि जब तक आवास विकास उन्हें लिखित में आश्वस्त नहीं करेगा कि उनके मकान पर कोई कार्यवाही नहीं होगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
गौरतलब है कि आवास विकास परिषद द्वारा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर दुर्बल आय वर्ग के मकानों में भी सेटबैक छोड़े जाने के आदेश जारी किए गए हैं। जिसके चलते शास्त्रीनगर में दुर्बल आय वर्ग के कई ऐसे मकानों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित थे। इसके विरोध में सेक्टर तीन और चार की महिलाएं मंगलवार से धरना देकर बैठी हैं। बुधवार को दूसरे दिन भी महिलाओं का धरना जारी रहा।
धरने पर बैठी महिलाओं ने ऐलान किया कि जब तक आवास विकास अपने नोटिस के जवाब में उन्हें लिखित में यह आश्वस्त नहीं करता कि उनके मकान पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई तो वह स्थानीय विधायक के घर के बाहर जाकर धरने पर बैठेंगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

