मेरठ 6 मई (आरएनएस)। बुधवार को तड़के टीपी नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने मेडिकल स्टोर के ताले काटकर गल्ले से हजारों का कैश चोरी कर लिया। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद सीओ ब्रह्मपुरी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। वारदात को अंजाम देकर बाहर निकलता बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। जिसके आधार पर पुलिस घटना के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
शिवपुरम निवासी विनेश कुमार ने बताया कि उनका शिवपुरम में बाग के कोने पर वंशिका मेडिकल स्टोर है। विनेश के मुताबिक बुधवार की सुबह वह मेडिकल स्टोर खोलने पहुंचे तो देखा कि स्टोर के शटर पर लगे दोनों ताले कटे हुए थे। बदहवास विनेश ने दुकान का शटर उठाकर देखा तो दुकान का गल्ला भी टूटा मिला। गल्ले से 40 हजार का कैश गायब था। घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। सूचना के बाद सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो मुंह पर कपड़ा लपेटे एक बदमाश ग्राइंडर हाथ में लेकर सुबह करीब 3:45 पर मार्केट में घूमता दिखाई दिया। विनेश ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, सीसीटीवी के आधार पर पुलिस घटना के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

