– शिकायतों के निस्तारण व कानून व्यवस्था पर कसे पेंच
– सीसीटीएनएस अपडेट रखने व लंबित विवेचनाओं को जल्द निपटाने पर जोर
फतेहपुर 6 मई (आरएनएस)। जिले की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने महिला थाने में जनसुनवाई आयोजित की। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं, जिन्हें एसपी ने गंभीरता से सुना। एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए।
जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने महिला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव, मालखाना, हवालात समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश मौके पर ही दिए गए। इसके बाद आयोजित बैठक में एसपी ने सीसीटीएनएस प्रणाली की स्थिति, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, विवेचनाओं की गुणवत्ता तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए और लंबित विवेचनाओं को शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विवेचनाएं पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी हों, जिससे पीडि़तों को न्याय मिल सके और पुलिस व्यवस्था पर आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

