फतेहपुर 6 मई (आरएनएस)। मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा के समीप एनएच-2 में मंगलवार की देर रात ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने कमरे जा रहे 26 वर्षीय युवक पर सांड़ ने हमला कर दिया। जिससे वह रोड पर गिर गया। उसी समय विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन रौंदते हुए निकल गई। घायल अवस्था में उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी शिव प्रसाद का पुत्र सुनील सौंरा स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करता था। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त कर कमरे वापस जा रहा था। जैसे ही वह सौंरा एनएच-2 पर पहुंचा तभी सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। वह रोड पर गिर गया। तभी विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन रौंदते हुए निकल गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस से घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

