7 से 21 मई तक विभिन्न वर्गों के लिए निर्धारित किये गए विशेष दिवस
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह द्वारा जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु तिथिवार संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। यह कार्यक्रम 7 मई से 21 मई 2026 के मध्य संचालित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न वर्गों के नागरिकों को सम्मिलित करते हुए व्यापक स्तर पर स्व-गणना कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक दिवस को एक विशेष थीम के रूप में निर्धारित किया गया है। 07 मई को “राजस्व/प्रशासन दिवस” के रूप में जनपद मुख्यालय सहित समस्त तहसीलों में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा स्व-गणना की जाएगी। इसके उपरांत 8 मई को “स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीण विकास दिवस” के रूप में ग्राम पंचायतों, नगर निकायों एवं विकास खण्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को सम्मिलित किया जाएगा।
इसी क्रम में 9 मई को खिलाडिय़ों, पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों, 10 मई को पद्म, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों एवं सामाजिक संस्थाओं, 11 मई को न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं, 12 मई को पुलिस एवं यूनिफॉम्र्ड फोर्स, 13 मई को केन्द्रीय कार्यालयों एवं वित्तीय संस्थानों, 14 मई को शिक्षा संस्थानों, 15 मई को चिकित्सा संस्थानों, 16 मई को उद्योग एवं यातायात क्षेत्र, 17 मई को महिला समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों, 18 मई को डिजिटल एक्सेस सपोर्ट के माध्यम से आमजन, 19 मई को वर्क फ्रॉम होम करने वाले नागरिकों तथा 20 मई को एलजीबीटीक्यू समुदाय से जुड़े नागरिकों को स्व-गणना कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी नामित नोडल एवं विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर समुचित समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएं तथा निर्धारित तिथियों पर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाते हुए जनपद बाराबंकी को इस अभियान में अग्रणी बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा जिला विकास अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूर्ण गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

