क्षेत्राधिकारी ने छात्राओं को किया जागरूक
रामसनेहीघाट-बाराबंकी 6 मई (आरएनएस)। रामसनेही घाट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और जनजागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से कोतवाली राम सनेही घाट के अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय कोटवा सड़क में ग्राम चैपाल का आयोजन किया गया। इस चैपाल में क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्रा ने उपस्थित ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को संबोधित करते हुए सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में उन्होंने महिलाओं को आपातकालीन सेवाओं के नंबर 108, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए 1930 नंबर के उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही ओटीपी साझा न करने, ऑनलाइन ठगी से बचने, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव और अवैध अस्त्र-शस्त्र रखने के कानूनी परिणामों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है और पुलिस हर समय जनता के साथ खड़ी है।
चैपाल में एसएसआई राजकुमार पटेल, चैकी प्रभारी हथौंधा अश्वनी प्रताप सिंह, अभिषेक सिंह, प्रधान पति विश्राम वर्मा, प्रबंधक मो. आरिफ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का भरोसा अधिकारियों ने दिया।इस पहल से ग्रामीणों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी और पुलिस-जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

