देहरादून,07 मई (आरएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंपावत गैंगरेप मामले में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। गुरुवार को यमुना कॉलोनी चौक चकराता रोड पर कांग्रेसी एकत्र हुए। यहां कांग्रेसियों ने चंपावत गैंगरेप मामले में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्य सरकार का पुतला दहन किया। मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। कहा कि देवभूमि एक बार फिर शर्मसार हुई है। कहा कि अंकिता भंडारी को तीन साल बाद भी न्याय नहीं मिला। कहा कि विधानसभा चंपावत में 16 वर्षीय बेटी के साथ दरिंदगी रूह कंपा देने वाली घटना है। कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों के नाम लगातार गंभीर अपराधों में सामने आना चिंताजनक है। कहा कि महिलाओं पर बढ़ते अपराध से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कहा कि सत्ता रूढ़ दल की महिला नेताओं ने प्रकरण पर चुप्पी साध ली है। कहा कि सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। कांग्रेस पीडि़ता को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान पीयूष जोशी ,माही जेटली ,राजीव प्रजापति,पिया थापा ,कांग्रेस नेता रितेश छेत्री, कासिम चौधरी ,प्रियांशु गौड़ ,वंश सूद, रहमान आदि मौजूद थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

