जौनपुर,10 मई (आरएनएस)। चंदवक थाना क्षेत्र में गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम छा गया। घटना पुराने पुल के समीप की बताई जा रही है। हीरापुर मचहटी गांव निवासी 18 वर्षीय प्रवेश यादव और 20 वर्षीय शिवम चैरसिया अपने कुछ साथियों के साथ दोपहर में गोमती नदी पर स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद मौके पर शोरगुल मच गया।आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत नदी किनारे पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी डोभी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। मृतक प्रवेश यादव के पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं, जबकि शिवम चैरसिया का परिवार वाराणसी में निवास करता है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

