रामानुजगंज , 11 मई (आरएनएस)। भगवान तिवारी लंबे समय बाद अपने बचपन की यादों से जुड़े नगर रामानुजगंज पहुंचे, जहां उनके आगमन पर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कला प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, विप्र समाज एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। वार्ड क्रमांक 6 में रहकर कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई करने वाले भगवान तिवारी आज बॉलीवुड एवं डिजिटल मनोरंजन जगत का एक चर्चित नाम बन चुके हैं। छोटे से नगर रामानुजगंज से निकलकर मायानगरी मुंबई तक का सफर तय करने वाले भगवान तिवारी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अभिनय क्षमता के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में विशेष पहचान बनाई है।
भगवान तिवारी ने बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ फिल्म रईस में अभिनय किया है। इसके अलावा स्पेशल 26, ए वेडनेसडे! सहित कई चर्चित फिल्मों में उन्होंने अपने सशक्त अभिनय का परिचय दिया है। फिल्मों के साथ-साथ वे कई लोकप्रिय वेब सीरीज एवं टीवी धारावाहिकों में भी अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
रामानुजगंज पहुंचने पर नगर के विप्र समाज के लोगों ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनका अभिनंदन करते हुए कला जगत में उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर भगवान तिवारी ने कहा कि रामानुजगंज उनके लिए केवल जन्मभूमि नहीं, बल्कि भावनाओं, संस्कारों और आत्मीयता से जुड़ी पवित्र भूमि है।
बचपन के मित्रों से मिलकर ताजा की पुरानी यादें
अपने प्रवास के दौरान भगवान तिवारी ने बचपन के मित्र ओम जायसवाल, लाडो जायसवाल, आनंद पाठक सहित अन्य परिचितों के घर पहुंचकर मुलाकात की। वर्षों बाद पुराने साथियों से मिलकर वे भावुक नजर आए और बचपन की कई यादों को साझा किया।
पुराने शिक्षक से लिया आशीर्वाद
भगवान तिवारी अपने पुराने शिक्षक धनंजय पाठक से भी मिलने पहुंचे। करीब 90 वर्षीय शिक्षक के चरण स्पर्श कर उन्होंने आशीर्वाद लिया। बताया जाता है कि वर्ष 1990 के आसपास उन्होंने रामानुजगंज के शासकीय विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई की थी। अपने गुरु से मिलकर वे भावुक हो उठे और पुराने दिनों को याद करते रहे।
धार्मिक स्थलों एवं पलटन घाट पहुंचे
इस दौरान भगवान तिवारी नगर के प्रसिद्ध राम मंदिर, पहाड़ी मंदिर एवं पलटन घाट भी पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ समय बिताकर अपने बचपन की स्मृतियों को फिर से जीवंत किया।
रामानुजगंज की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना
भगवान तिवारी ने रामानुजगंज की प्राकृतिक सुंदरता की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि एक ओर बहती कन्हर नदी और दूसरी ओर स्थित पलटन घाट नगर की सुंदरता को विशेष पहचान देते हैं। वहीं पहाड़ी मंदिर में अद्भुत शांति एवं सुकून का अनुभव होता है।
नगरवासियों ने बताया गौरव का क्षण
भगवान तिवारी के आगमन से नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे रामानुजगंज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि नगर से निकलकर बॉलीवुड तक पहुंचने वाले कलाकार आज भी अपनी मिट्टी, संस्कार और लोगों से जुड़े हुए हैं।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

