0 BGL लॉन्चर-जनरेटर समेत भारी विस्फोटक सामग्री बरामद
बीजापुर, 11 मई (आरएनएस)। बीजापुर के घने जंगलों में माओवादियों के एक बड़े गुप्त ठिकाने का पर्दाफाश हुआ है, जहां जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का जखीरा पुलिस ने बरामद कर नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। थाना गंगालूर क्षेत्र के ग्राम डोडीतुमनार पटेलपारा पहाड़ी इलाके में पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर सर्चिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान जंगल के भीतर जमीन के नीचे छिपाकर बनाया गया संदिग्ध बंकर मिला। इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने और डिमाइनिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब बंकर खोला गया तो अंदर से बड़ी मात्रा में तकनीकी उपकरण, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में होंडा कंपनी के 2 जनरेटर, 2 लेथ मशीन, 1 इन्वर्टर, 4 बड़ी बैटरियां, 1 छोटी बैटरी, 8 सोलर प्लेट, 1 मोटर, 1 वेल्डिंग मशीन, 1 ड्रिल मशीन, 1 देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, लगभग 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और 2 प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि यह बंकर माओवादियों द्वारा लंबे समय से ऑपरेशन और विस्फोटक तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। जंगल के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में तकनीकी और विस्फोटक सामग्री मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है। बहरहाल, बीजापुर के जंगलों में छिपे नक्सली नेटवर्क पर सुरक्षा बलों की लगातार बढ़ती पकड़ अब माओवादियों के सुरक्षित ठिकानों को भी बेनकाब करने लगी है।
0

