दुर्ग, 11 मई (आरएनएस)। सुबह का अंधेरा छंटने से पहले ही खुर्सीपार में पुलिस का ऐसा मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चला कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दुर्ग पुलिस ने तड़के 4 बजे से सुबह 9 बजे तक थाना खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों, वाहनों और गतिविधियों पर बड़ा शिकंजा कसा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा के नेतृत्व में नगर पुलिस अधीक्षक छावनी यदुमनी सिदार, थाना प्रभारी खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के 100 से ज्यादा जवानों ने एक साथ कई इलाकों में दबिश दी। डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की टीमों ने घर-घर पहुंचकर जांच की। करीब 500 मकानों की तलाशी ली गई और 200 ट्रेलर-ट्रकों समेत वाहनों की डिक्की चेकिंग कर दस्तावेज खंगाले गए। ट्रांसपोर्ट नगर में ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड तक का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान 7 संदिग्ध मोटरसाइकिल जब्त की गईं जबकि 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना खुर्सीपार लाया गया है। पुलिस की नजर खास तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और धारदार हथियार रखने वालों पर रही। सुबह-सुबह इतनी बड़ी पुलिस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी जैसा माहौल रहा और लोग घरों से निकलकर पुलिस मूवमेंट देखते रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना को दें ताकि अपराध और असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई हो सके। बहरहाल, दुर्ग पुलिस का यह साफ संदेश है कि शहर में अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित कोना नहीं बचने वाला।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

