भिलाई, 11 मई (आरएनएस)। रात के अंधेरे में कमला नेहरू गार्डन के पास अकेले भटकते एक मासूम की सिसकियों ने पुलिस को भी भावुक कर दिया और कुछ ही घंटों में चक्रधरनगर पुलिस ने बिछड़े बच्चे को उसकी मां की गोद तक सुरक्षित पहुंचाकर इंसानियत की मिसाल पेश कर दी। रायगढ़ में 10 मई 2026 की रात करीब 8 बजे थाना चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली कि कमला नेहरू गार्डन के पास लगभग 4 से 5 साल का एक छोटा बच्चा अपने परिवार से बिछड़कर डरा-सहमा हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मासूम को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को प्यार से समझाया, उसका भरोसा जीता और धीरे-धीरे उससे जानकारी जुटाई। पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम बताया और मि_ूमुडा क्षेत्र में रहने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम बिना समय गंवाए बच्चे को साथ लेकर मि_ूमुडा इलाके पहुंची और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक चली खोजबीन के दौरान पुलिस को बच्चे का लगभग 8 वर्षीय बड़ा भाई मिला। दोनों भाइयों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उनके घर तक पहुंची और मासूम को उसकी मां के सुपुर्द किया। अपने बच्चे को सकुशल सामने देखकर परिवार की आंखों में राहत और खुशी साफ नजर आई। परिवारजनों ने चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार के लिए आभार जताया। इस पूरी घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि मुश्किल वक्त में लोगों के लिए उम्मीद और भरोसे का सबसे मजबूत सहारा भी बनती है। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस की यह मानवीय पहल लोगों के दिलों में सुरक्षा और विश्वास दोनों को और मजबूत कर गई है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

