बीजापुर, 11 मई (आरएनएस)। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोडीतुमनार के पटेलपारा पहाड़ी इलाके में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर बनाए गए एक बंकर का पता लगाया, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और उपयोगी उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया एवं थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान जवानों को जमीन के भीतर छिपा हुआ संदिग्ध बंकर मिला। सुरक्षा मानकों के तहत डिमाइनिंग कार्रवाई के बाद बंकर की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामान में दो होंडा कंपनी के जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां, एक छोटी बैटरी, आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, लगभग 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर तथा दो प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामग्री का इस्तेमाल माओवादी गतिविधियों और विस्फोटक तैयार करने में किया जाना था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

