चेन्नई,12 मई (आरएनएस)। तमिलनाडु के चेन्नई से अबू धाबी के लिए उड़ान की तैयारी कर रही एतिहाद एयरवेज के एक विमान में मंगलवार को आग लग गई। घटना के समय विमान चेन्नई हवाई अड्डे पर उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी उसके बाएं पंख में आग लगी और हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर मौके पर मौजूद अग्निशमन दल के कर्मियों ने आग को बुझाया और उड़ान रद्द कर दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घनटा के समय विमान में चालक दल के सदस्यों के साथ 280 यात्री सवार थे। पंख में आग लगते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। किसी भी यात्री के चोट लगने या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि उड़ान को फिलहाल रद्द किया गया है और यात्रियों को दूसरे विमान से भेजने की तैयारी चल रही है।
आग लगने की घटना के बाद हवाई अड्डे पर भी थोड़ी देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ और आपातकालीन टीमों ने तकनीकी कर्मचारियों के साथ सुरक्षा जांच की। पंख पर आग तब लगी थी, जब विमान रनवे पर उड़ान भरने के लिए टैक्सी करने जा रहा था। इससे रनवे प्रभावित होने की वजह से हवाई अड्डे पर कई उड़ानों को भी रोकने की खबर है। अभी तक एयरलाइन और हवाई अड्डे के अधिकारियों ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

