नई दिल्ली,12 मई (आरएनएस)। नीट परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर जहां एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जहां जमकर प्रदर्शन किया तो वहीं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार पर जमकर हमला बोला. बता दें कि नीट परीक्षा में पेपर लीक के विरोध में मंगलवार को नेशनल स्टूडेंटस यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्रालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा. दिल्ली पुलिस के साथ सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों की मौजूदगी में इलाके को पूरी तरह छावनी में बदल दिया गया.
प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैरिकेडिंग लगा दी थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और केंद्र सरकार तथा शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में डाल दिया है.
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में एक के बाद एक परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही. उन्होंने कहा कि हम शिक्षा मंत्री से जवाब मांगने आए हैं. उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए. जिन विद्यार्थियों ने पूरी ईमानदारी से परीक्षा दी, जिनके माता-पिता ने कर्ज लेकर बच्चों को कोचिंग दिलाई और पढ़ाई करवाई, उनके भविष्य का क्या होगा?
जाखड़ ने कहा कि नीट जैसी परीक्षा केवल एक एग्जाम नहीं बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य का आधार होती है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इसी तरह पैसे देकर पेपर खरीदने वाले छात्र डॉक्टर बनेंगे तो देश के स्वास्थ्य व्यवस्था और भविष्य पर गंभीर असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों से आने वाले छात्र दिन-रात मेहनत करके परीक्षा देते हैं, लेकिन परीक्षा के बाद जब उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक हो गया, तो उनका मनोबल टूट जाता है. उन्होंने सरकार से मांग की कि पिछले पेपर लीक मामलों में किन लोगों पर कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए और इस बार भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.
अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि लाखों छात्र और उनके परिवार इस घटना से प्रभावित हुए हैं. उन्होंने अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कितनी कठिन होती है, यह वह खुद समझते हैं. केजरीवाल ने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए जमीन बेच देते हैं, गहने गिरवी रख देते हैं और बच्चे महीनों-सालों तक कोचिंग में मेहनत करते हैं. ऐसे में पेपर लीक होना उनके सपनों के साथ सबसे बड़ा धोखा है.
केजरीवाल ने दावा किया कि नीट परीक्षा का पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है. उन्होंने कहा 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर बार-बार पेपर लीक होना इस बात का संकेत है कि इसमें किसी बड़े स्तर की मिलीभगत है. उन्होंने पूछा कि पिछले मामलों में दोषियों को क्या सजा मिली और कितने लोग आज भी बाहर घूम रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई न होने के कारण ही लगातार पेपर लीक की घटनाएं दोहराई जा रही हैं.
प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़े तो उन्हें सड़कों पर उतरना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल जन आंदोलन की भाषा समझती है. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छात्रों और अभिभावकों के साथ खड़ी है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती रहेगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

