लखनऊ, 12 मई (आरएनएस ) । राजधानी के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक गंभीर चोटिल अवस्था में पार्क के भीतर पड़ा मिला, जिसके सिर और चेहरे पर गहरे घाव पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मंगलवार को थाना बाजारखाला को सूचना प्राप्त हुई कि अग्रसेन पार्क में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पार्क के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति, जिसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, मृत अवस्था में मिला।पुलिस जांच में मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक पर किसी भारी लकड़ी या कठोर वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो व्यक्ति एक-दूसरे के गले में हाथ डाले अग्रसेन पार्क के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद उनमें से एक व्यक्ति लकड़ी का डंडा लेकर दोबारा पार्क में प्रवेश करता है और थोड़ी देर बाद तेजी से बाहर निकलता हुआ नजर आता है।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पिंटू पुत्र रामदुलारे निवासी मोतीझील, थाना बाजारखाला, लखनऊ के रूप में की है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया वही घटना में संदिग्ध भूमिका में नजर आ रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिमी और सहायक पुलिस आयुक्त बाजारखाला मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। साथ ही फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों, स्थानीय लोगों और अन्य माध्यमों की मदद ले रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

