खागा, फतेहपुर 12 मई (आरएनएस )। ऐरायां विकास खंड में खेल मैदानों के निर्माण व सुंदरीकरण को लेकर मामला सामने आया है। यहां लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद कई ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान अधूरे पड़े हैं और आवश्यक उपकरण तक नहीं लगाए गए हैं।
विकास खंड की कुल नौ ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों के सुंदरीकरण, मिट्टी भराई और खेल उपकरणों की व्यवस्था के लिए लगभग प्रत्येक पंचायत में करीब पांच-पांच लाख रुपये का भुगतान किया गया था। इसके बावजूद कई स्थानों पर कार्य अधूरा है और मैदानों में खामियां साफ दिखाई दे रही हैं। विशेष रूप से शोहदमऊ, उमरपुर गौती और ऐरायां मशायक ग्राम पंचायतों में स्थिति ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां भुगतान के बाद भी खेल उपकरण नहीं लगाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों और खिलाडिय़ों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजों पर काम पूरा दिखाया गया, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मामले में अतिरिक्त कार्यक्रम खेल अधिकारी प्रेमदत्त निर्मल ने बताया कि सभी अधूरे पड़े खेल मैदानों के लिए सामग्री का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहां के सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। संबंधित सचिवों का वेतन रोक दिया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी अधूरे कार्य पूरे कराए जाएंगे और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बीडीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सचिवों से जानकारी मांगी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

