कुशीनगर, 12 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला आद्र्र भूमि समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक में वृक्षारोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत जनपद में बीते 09 जुलाई को एक ही दिवस में रोपित कुल 39,72,500 पौधों की देख-रेख, सुरक्षा, जीवितता एवं जियो टैगिंग की प्रगति की समीक्षा की गयी। इस अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा 10,49,600 तथा अन्य 23 विभागों द्वारा 29,22,900 पौधों का रोपण किया गया था।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि राजस्व विभाग द्वारा जियो टैगिंग कार्य अभी पूर्ण नहीं किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया कि आगामी 18 मई तक जियो टैगिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए।
बैठक में शासनादेश दिनांक 27.01.2026 के क्रम में वर्ष 2026-27 हेतु जनपद को आवंटित 39,29,187 पौधरोपण लक्ष्य की भी समीक्षा की गयी। इसमें वन विभाग को 14,00,000 तथा अन्य विभागों को 25,29,187 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभागवार आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण कार्ययोजना-2026, स्थल चयन सूची एवं गड्ढा खुदान कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी। जिन विभागों द्वारा अभी तक आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं करायी गयी हैं, उन्हें निर्देशित किया गया कि दिनांक 15.05.2026 तक समस्त सूचनाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला आद्र्र भूमि समिति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की गयी। बैठक में ग्रीन चौपाल संचालन, जैव विविधता समिति गठन, जैव विविधता रजिस्टर तैयार करने, आद्र्रभूमि की प्रारम्भिक अधिसूचना के प्रकाशन तथा बांसी नदी पुनरोद्धार कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गयी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

