पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद रीता जोशी के घर पहुंचकर उनके पति की मृत्यु पर जताया शोक, दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज 12 मई (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज़ प्रयागराज में पूर्व सांसद रीता जोशी के आवास पर पहुंचकर उनके पति स्व. पी सी. जोशी की मृत्यु पर शोक जताया और पूर्व सांसद सहित परिजनों को सांत्वना दी।तत्पश्चात पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव के आवास गए और उनकी सुपुत्री तथा पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता निधि यादव सहित उपस्थित पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मौके पर मौजूद पत्रकारों द्वारा प्रधानमंत्री की अपील पर किये गए सवाल के जवाब में कहा कि “देश के लिए संकट सिर्फ भाजपा है “। प्रधानमंत्री चाहे जितनी अपील कर ले जो लोकसभा में हारे हैं वह अपील के बाद भी हारेंगे।बंगाल के मुख्यमंत्री के पीए की हत्या में भाजपा से जुड़े लोगों का नाम आने पर कहा कि सबसे घटिया काम कोई कर सकता है तो वह भाजपा से जुड़े लोग कर सकते हैं। झाँसी में सौ करोड़ का घोटाला के तार भाजपा से जुड़े हैं। नीट पेपर आउट पर कहा भाजपा सरकार पेपर लीक का रिकार्ड बना रही।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूजा पाल के लिए मुख्यमंत्री और भाजपा का जो प्यार है, वह तो उन्हीं लोगों से पूछिए। कुछ लोग हैं, जिन्हें लगता था कि वह मंत्री बनेंगी। मैं तो अभी भी अपील करता हूं कि उन्हें डिप्टी सीएम बना देना चाहिए। अगर तीन डिप्टी सीएम भी हो जाएंगे तो क्या दिक्कत है।
इससे पहले अखिलेश ने भाजपा नेत्री और पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास पहुंचकर उनके पति दिवंगत पूरनचंद जोशी को श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बात करते हुए पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील को गलत बताया।
सपा मुखिया ने कहा कि अर्थव्यवस्था किसकी वजह से लडख़ड़ाई है। सत्ता में कौन लोग हैं? रुपया किसकी वजह से नीचे जा रहा है? क्यों ऐसी अपील करनी पड़ रही है। ये पतन की अपील की है। जो लोकसभा में हारे हैं, वो अपील के बाद भी हारेंगे। ये जो संकट बता रहे हैं, व कुछ नहीं है। बीजेपी खुद संकट है।
अखिलेश ने पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र कमेंट करने वाले सपा सांसद अजेंद्र लोधी के बयान पर कहा कि हम लोग ऐसी भाषा और व्यवहार के पक्ष में कभी नहीं रहे। पीएम मोदी के लिए ऐसा नहीं कहा जाना चाहिए। मगर कभी आप लोगों ने एएनआई पर सुना है- मुख्यमंत्री ने क्या कहा था। राज्यसभा और लोकसभा में भाजपा के नेताओं ने क्या कहा है, आप रिकॉर्डिंग निकलवा लीजिए।
उन्होंने कहा कि लोधी जी का दुख दिल से निकल आया, उसमें जो भाषा इस्तेमाल हुई, वह ठीक नहीं है। ये सरकार तो झूठी है। आपके बगल के जिले में एक युवक को बांधकर मारा जा रहा था। मैंने शिकायत की तो प्रशासन ने क्या किया, दो मुसलमानों के नाम डाल दिए। क्या पुलिस प्रशासन यही रास्ता अपनाएगी। जब पकड़े जाओ तो झूठे नाम डाल दोगे।
अखिलेश ने कहा- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या में जो पकड़ा गया है, वह भाजपा का है। उसकी भाजपा नेताओं के साथ फोटो है। सबसे घटिया काम अगर कोई कर सकता है तो वह भाजपा के लोग कर सकते हैं। झांसी में भी भाजपा का नेता 100 करोड़ के घोटाले में पकड़ा गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

