-जुलाई से शुरू होगा महाअभियान
मिल्कीपुर-अयोध्या 12 मई (आरएनएस)। अयोध्या जनपद के कुमारगंज वन रेंज में इस वर्ष बड़े पैमाने पर पौधारोपण की तैयारी पूरी कर ली गई है। वन विभाग द्वारा विभिन्न नर्सरियों में लगभग 14 लाख छायादार, फलदार एवं शोभाकार पौधे तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही विशेष रूप से एक हजार सिंदूर के पौधे भी तैयार किए गए हैं, जिन्हें इस बार अभियान में शामिल किया जाएगा। क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी जुलाई माह से पौधारोपण अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग स्वयं लगभग 6 लाख पौधों का रोपण करेगा, जबकि शेष 8 लाख पौधे ग्राम पंचायतों को वितरित किए जाएंगे ताकि गांवों में भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जा सके। उन्होंने बताया कि पौधों को तैयार करने के लिए कुमारगंज वन रेंज की विभिन्न नर्सरियों में लगातार कार्य किया गया। कुमारगंज, बंवा, बकौली, बकचुना, अहिरौली सलोनी तथा पलिया नर्सरी में पौधों की देखरेख की गई, जहां छायादार, फलदार और शोभाकार प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। ग्राम पंचायतों में पौधे वितरित कर जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ सकें। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। इससे आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

