अयोध्या 12 मई (आरएनएस)। जनपद के कुचेरा बाजार में ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार पर भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व किन्नर समाज की मुखिया,समाजसेवी पिंकी मिश्रा नायक, किन्नर समाज, अयोध्या ने किया। भंडारे का शुभारंभ कन्या पूजन और बजरंगबली के चित्र पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हुआ। कार्यक्रम में किन्नर समाज के कई प्रमुख सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे दिन प्रसाद वितरण चलता रहा। पिंकी मिश्रा ने बताया कि दूसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर कुचेरा बाजार के साथ-साथ अयोध्या धाम स्थित हनुमानगढ़ी के पास भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा, ष्बजरंगबली अयोध्या की जनता को हमेशा खुश रखें, यही मेरी कामना है। मेरी गुरुजी गुलशन बिंदु जी ने समाज सेवा में जो मिसाल कायम की है, मैं उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास कर रही हूं। भले ही उनके जैसा बनना संभव न हो, पर जब तक सांस है, तन-मन-धन से जनता की सेवा करती रहूंगी। उन्होंने आगे बताया कि हनुमानगढ़ी पर उनकी चेला लवली किन्नर, पूजा किन्नर, हेमा किन्नर, राखी किन्नर, काजल किन्नर, ललिता किन्नर के साथ नताशा नायक और मंजू नायक भी दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रहीं। वहां भी भंडारे का भव्य आयोजन कर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

