– 103 आवेदन मिले, आज ऐराया में लगेगा कैंप
फतेहपुर। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा विकास खंड हथगाम में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत चिन्हांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किए।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि आयोजित शिविर में कुल 128 दिव्यांगजनों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 103 दिव्यांगजनों के कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत आवेदन प्राप्त किए गए, जबकि 25 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से शुक्रवार 15 मई को विकास खंड ऐराया में भी चिन्हांकन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। विभाग के अनुसार शिविर में आने वाले लाभार्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। ग्राम प्रधान द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र भी मान्य रहेगा। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्मार्ट फोन, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, बैसाखी, स्मार्ट केन, आईडी किट, हियरिंग एड तथा कृत्रिम हाथ-पैर जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेष रूप से दृष्टिबाधित ऐसे छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे जो कक्षा 9 से उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर 8189038778 पर संपर्क किया जा सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

