खागा, फतेहपुर। नौबस्ता रोड की हालत इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां सड़क निर्माण कार्य की रफ्तार इतनी धीमी है कि लोग इसकी तुलना कछुए की चाल से कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विकास कार्य लगभग ठप पड़ा है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
व्यापारी देवेंद्र शिवहरे, पोली, उमेश सिंह के अनुसार सड़क पर काम कभी-कभार शुरू होता है, लेकिन लगातार जारी नहीं रहता। एक दिन मशीनें दिखाई देती हैं तो अगले कई दिनों तक न मजदूर नजर आते हैं और न ही कोई गतिविधि होती है। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी-फूटी सड़क, धूल और गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस परियोजना में भ्रष्टाचार के चलते काम की गति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का तंज है कि शायद काम जानबूझकर धीमा किया जा रहा है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो हालात और खराब हो सकते हैं। अब क्षेत्रीय जनता प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रही है, ताकि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

