फतेहपुर। जनपद में आलू भंडारण को लेकर किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि जिले के शीतगृहों में कुल 2.096 लाख मीट्रिक टन भंडारण क्षमता के सापेक्ष 1.48 लाख मीट्रिक टन आलू का भंडारण किया जा चुका है, जो कुल क्षमता का 70.65 प्रतिशत है। ऐसे में जनपद में आलू भंडारण की किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
उन्होंने बताया कि आलू उत्पादक किसान शीतगृहों में सुरक्षित भंडारण कर बाजार भाव अनुकूल होने पर अपनी उपज बेचकर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं। इसी क्रम में शासन की बाजार हस्तक्षेप योजना 2026-27 के तहत किसानों से समर्थन मूल्य पर आलू खरीदने के लिए जनपद में खरीद केंद्र स्थापित किया गया है। नवीन मंडी स्थल बांदा सागर रोड में राजकीय आलू क्रय केंद्र खोला गया है। जहां 17 मई तक किसानों से आलू की खरीद की जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार शासन द्वारा नामित एजेंसी उ0प्र0 राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) किसानों से 650.09 रुपये प्रति कुंतल की दर से आलू खरीदेगी। खरीद केंद्र पर केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप आलू ही स्वीकार किए जाएंगे। आलू का आकार 45 से 85 एमएम व्यास का होना चाहिए तथा वह साफ, मजबूत, पका हुआ और रोगमुक्त होना जरूरी है। कटा-फटा, हरा, धूप से प्रभावित या खराब आलू खरीद के लिए मान्य नहीं होगा। केंद्र पर ही आलू की छंटाई और ग्रेडिंग की व्यवस्था की गई है। किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। इच्छुक किसानों को आलू विक्रय के समय आधार कार्ड, पंजीकरण अभिलेख एवं फोटो पहचान पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। अधिक जानकारी के लिए किसान केंद्र प्रभारी अखिलेश सिंह मो. 8756291705 तथा हाफेड प्रतिनिधि श्रीधर भटनागर मो. 7652088495 से संपर्क कर सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

