कुशीनगर, 14 मई (आरएनएस)। जनपद में अवैध खनन और बिना वैध प्रपत्रों के बालू परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की सुबह खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे 10 ट्रकों पर कार्यवाही की। इस कार्रवाई से सरकार को लगभग पांच लाख रुपये राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। संयुक्त अभियान से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार जिला खनन अधिकारी कुशीनगर अभिषेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत कुमार के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना वैध कागजात एवं नियमों के विरुद्ध बालू परिवहन करते पाए गए ट्रकों पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के तहत थाना सेवरही क्षेत्र में तीन ट्रकों को सीज किया गया, जबकि थाना तमकुहीराज पुलिस ने चार ट्रकों को कब्जे में लिया। वहीं थाना पटहेरवा क्षेत्र में एक ट्रक सीज किया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य ट्रकों का ऑनलाइन चालान किया गया ।अधिकारियों के अनुसार सभी वाहनों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है तथा नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत कुमार, प्रभारी निरीक्षक तमकुहीराज गिरजेश उपाध्याय, थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेन्द्र कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक सेवरही विनय कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा तमकुहीराज महेश मिश्र सहित पुलिस एवं खनन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

