कुशीनगर, 14 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी कुशीनगर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय एण्टी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक में उप जिलाधिकारी तमकुहीराज एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज की संयुक्त जाँच आख्या के आधार पर धन्नजय उपाध्याय निवासी मेहंदिया बुजुर्ग थाना पटहेरवा को भूमाफिया घोषित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि धनन्जय उपाध्याय पुत्र रामायण उपाध्याय द्वारा बैनामे की भूमि एवं अन्य जमीनों को कथित रूप से मिलीभगत कर हड़पने हेतु जालसाजी एवं कूटरचना किये जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उक्त शिकायतों के क्रम में उप जिलाधिकारी तमकुहीराज एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज द्वारा संयुक्त जाँच कर आख्या प्रस्तुत की गई थी। संयुक्त जाँच आख्या के अनुसार धनन्जय उपाध्याय के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक अभियोग पंजीकृत पाए गए। जिनमें मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला, धमकी एवं अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित प्रकरण सम्मिलित हैं। इनमें थाना पटहेरवा पर पंजीकृत मु0अ0सं0-317/2018, मु0अ0सं0-67/2016, मु0अ0सं0-67/2024 तथा मु0अ0सं0-24/2023 प्रमुख रूप से शामिल हैं। जाँच आख्या में कहा गया है कि धनन्जय उपाध्याय के पिता स्व0 रामायण उपाध्याय एवं माता श्रीमती ठागो देवी द्वारा वर्ष 1977 से वर्ष 2010 के मध्य लगभग 33 वर्षों की अवधि में विभिन्न व्यक्तियों के पक्ष में समय-समय पर भूमि का विधिवत बैनामा किया गया था। इसके उपरान्त वर्ष 2024 में धनन्जय उपाध्याय द्वारा कथित रूप से फर्जी इन्द्राज के आधार पर उक्त बैनामाशुदा भूमि पर दावा प्रस्तुत कर बैनामा धारकों को बेदखल करने का प्रयास किया गया है। साथ ही संयुक्त जाँच में यह भी उल्लेख किया गया कि अपने प्रयास में विफल रहने पर धनन्जय उपाध्याय द्वारा धारा 164/ 165 बी0एन0एस0-2023 के अन्तर्गत उप जिलाधिकारी तमकुहीराज न्यायालय में वाद योजित कर संबंधित बैनामा धारकों को भूमि सरकार द्वारा जब्त कराये जाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाता रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

