कुशीनगर, 14 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सी0एम0 डैशबोर्ड विकास कार्यक्रमों के माह अप्रैल की मासिक समीक्षा बैठक, ई-ऑफिस कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की समीक्षा बैठक में कम रैंकिंग वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए सुधार लाने की हिदायत दी।
बैठक के दौरान सीएम डैशबोर्ड पर कम रैंकिंग वाले विभागों की एक-एक कर गहन समीक्षा की गई। इनमें प्रमुख रूप से पीएम सूर्यघर योजना, आईसीडीएस, एनआरएलएम, जल जीवन मिशन, फैमिली आईडी, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री युवा कल्याण योजना, नई सड़कों का निर्माण सहित अन्य विभाग शामिल रहे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर वास्तविक स्थिति की समीक्षा की। पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत जनपद को प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष अत्यंत न्यूनतम प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश देते हुए कहा कि इस माह में शत प्रतिशत लाभार्थियों को योजना से आच्छादित करते हुए लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि योजना के प्रचार-प्रसार एवं लाभार्थियों की पहचान हेतु जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत लम्बित भुगतान के सम्बंध में शीघ्र भुगतान किए जाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईसीडीएस, एनआरएलएम एवं जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं सीधे तौर पर आमजन से जुड़ी हैं। इनमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित विभागों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर समय से डाटा अपलोड सुनिश्चित किया जाए। नई सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया तथा निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। मुख्यमंत्री युवा कल्याण योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे हेतु सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के उपयोग, पत्रावलियों के ऑनलाइन निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुरूप अधिकतम कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संपादित किए जाएं तथा सभी अधिकारी गण लॉगिन अवश्य करें, तथा लंबित फाइलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान हिरण्यवती नदी तथा बांसी नदी के सफाई कार्यों को वर्षात पूर्व पूर्ण कर लिये जाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। जनपद में खाद की उपलब्धता एवं वितरण के सम्बंध में नियमानुसार वितरण की कार्यवाही किये जाने हेतु जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार रोजगार सृजन की प्रगति, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक तीन महीने में कम से कम एक बार पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया जाय। इसके अतिरिक्त अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ते हुए रोजगार सृजन के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने हेतु गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए क्रियान्वयन में गति लाई जाए। लापरवाही, उदासीनता अथवा गलत रिपोर्टिंग किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए, जिससे जनपद कुशीनगर सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर रैंकिंग प्राप्त कर सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, उप कृषि निदेशक, डीपीआरओ सहित अन्य समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

