-दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर सात दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने का दिया निर्देश
अयोध्या 14 मई (आरएनएस)। रामनगरी अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डाक्टर दिनेश कुमार सिंह द्वारा वरिष्ठ पत्रकार कुशल चंद्र मिश्रा के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार सिंह के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। समिति को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच कमेटी के गठन की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। बताया गया कि 29 अप्रैल को वरिष्ठ पत्रकार कुशल चंद्र मिश्रा मेडिकल कॉलेज से जुड़े एक प्रकरण पर जानकारी के लिए डॉ0 डीके सिंह को फोन किया। आरोप है कि इसी दौरान डॉ. डीके सिंह ने उनके साथ अपमानजनक टिप्पणी की। इस घटना के बाद से ही पत्रकार संगठनों में नाराजगी व्याप्त है। जानकारी के अनुसार डॉ. डीके सिंह का नाम पूर्व में भी कई विवादों से जुड़ चुका है। उन पर पहले भी दो प्राचार्यों से विवाद तथा विद्युत विभाग के एक अवर अभियंता के साथ मारपीट के आरोप लग चुके हैं। इसके अलावा 1930 बैच के आईएएस आलोक कुमार के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था। इसके अलावा भी कई प्रकरण हैं। लगातार सामने आ रही शिकायतों को देखते हुए डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पत्रकारों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

